हरिद्वार। पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को त्वरित और निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या चोट लगने पर श्रद्धालुओं का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के पहले दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में कुल 446 शिवभक्तों का उपचार किया गया। उन्होंने कहा कि सभी शिविरों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें 24 घंटे सेवाएं दे रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्वास्थ्य शिविर में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, एंबुलेंस और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गंभीर स्थिति होने पर मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, समय-समय पर विश्राम करें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य लें।
उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी स्वास्थ्य टीमें पूरी तत्परता के साथ लगातार कार्य कर रही हैं।














Users Today : 107
Users Yesterday : 361