हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में शनिवार दोपहर कक्षा 10 के एक छात्र पर प्रधानाचार्य सुनील कुमार कटारिया के सिर पर ईंट मारकर घायल करने का आरोप लगा है। हमले में प्रधानाचार्य के सिर, छाती, कंधे और हाथ पर चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे शिक्षकों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। आरोप है कि छात्र जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
प्रधानाचार्य सुनील कुमार कटारिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12:45 बजे विद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्र ने उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सिर पर ईंट लगने से वह घायल हो गए। घटना के दौरान विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और कर्मचारियों के पहुंचने पर छात्र वहां से भाग निकला।
प्रधानाचार्य की शिकायत पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगा रही है। विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। विवाद किस बात पर हुआ और छात्र ने हमला क्यों किया, इसकी पड़ताल की जा रही है।














Users Today : 41
Users Yesterday : 316