HARIDWAR। कांवड़ मेले के अंतिम चरण में हरिद्वार में डाक कांवड़ का सैलाब उमड़ पड़ा है। सोमवार को 12वें दिन शाम तक 63 लाख 60 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर प्रस्थान कर चुके हैं।
पिछले वर्ष कांवड़ मेले में करीब 4 करोड़ 53 लाख शिवभक्तों के पहुंचने का आंकड़ा सामने आया था। इस वर्ष अब तक का आंकड़ा पुराने रिकॉर्ड से महज 9 लाख 22 हजार पीछे है। ऐसे में डाक कांवड़ के अंतिम चरण में भीड़ बढ़ने के साथ पिछले साल का रिकॉर्ड टूटने की संभावना बनी हुई है।
सोमवार को सुबह से ही हरकी पैड़ी और प्रमुख गंगा घाटों पर गंगाजल भरने के लिए शिवभक्तों की भारी भीड़ रही। गंगाजल भरने के बाद कांवड़िये निर्धारित मार्गों से अपने गंतव्य की ओर रवाना होते रहे। डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के बीच पुलिस और प्रशासन के सामने यातायात तथा भीड़ प्रबंधन की चुनौती भी बढ़ गई है।
जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं पर संबंधित विभागों की टीमें लगातार नजर रख रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि अंतिम चरण में बढ़ने वाली भीड़ के बावजूद कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।














Users Today : 109
Users Yesterday : 361