हरिद्वार। 758वें सालाना उर्स/मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पिरान कलियर स्थित हज हाउस में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल की अध्यक्षता में उर्स ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। अधिकारियों ने पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने के साथ जायरीनों के साथ शालीन एवं संयमित व्यवहार करने के निर्देश दिए।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे क्षेत्र को चार जोन और 13 सेक्टर में विभाजित किया गया है। अधिकारियों ने अफवाह फैलाने और समाज में आपसी खटास पैदा करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था के तहत मेला क्षेत्र में 24 स्थानों पर बैरियर, करीब 100 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, 13 पार्किंग स्थल, 11 वॉच टावर और जायरीनों की सहायता के लिए 27 अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। दरगाह परिसर के एक किलोमीटर के दायरे को सुरक्षा की दृष्टि से जीरो जोन रखा गया है।
उर्स ड्यूटी में 103 उपनिरीक्षक, 27 महिला उपनिरीक्षक, 265 आरक्षी, 49 महिला आरक्षी, एक कंपनी पीएसी, दो कंपनी पैरामिलिट्री, 150 होमगार्ड, तीन फायर टीमें, एक बम निरोधक दस्ता और दो रिकवरी वैन तैनात रहेंगी।
23 से 28 अगस्त तक यातायात प्लान लागू रहेगा।इस दौरान आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का मेला क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा।
ब्रीफिंग में रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ, सीओ भगवानपुर सुमित पांडे, सीओ रुड़की ओसीन जोशी, सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी, मेला प्रभारी निरीक्षक केएम भंडारी समेत पुलिस, यातायात, अभिसूचना, फायर सर्विस, पीएसी, पैरामिलिट्री और दरगाह प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।














Users Today : 107
Users Yesterday : 361