Haridwar विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण और सत्यापन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि SIR अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। पुनरीक्षण के दौरान सामने आई विसंगतियों और ‘नो मैपिंग’ (Unmapped) श्रेणी के मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं। इन मामलों की सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत बीएलओ स्तर पर की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अनमैप्ड मतदाताओं के सत्यापन के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज के आधार पर जांच पूरी की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों ने पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने और पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर जोर दिया।
बैठक में भगवानपुर विधायक ममता राकेश, पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, ज्वालापुर विधायक ई रवि बहादुर, लक्सर विधायक शहजाद, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार जाति, मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन सहित भाजपा, बसपा, कांग्रेस और सीपीआईएम के प्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी, एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा समेत संबंधित अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।














Users Today : 107
Users Yesterday : 361