हरिद्वार (POOJA SINGH) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर डिजिटल फास्टैग लोकल पास सुविधा शुरू कर दी है। अब पात्र स्थानीय वाहन चालक टोल प्लाजा पर जाए बिना ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के जरिए मासिक लोकल पास ऑनलाइन खरीद सकेंगे। इससे दस्तावेज जमा करने और भौतिक सत्यापन के लिए टोल प्लाजा जाने की जरूरत नहीं होगी।
एनएचएआई के अनुसार यह सुविधा केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया विजन के तहत टोल व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तेज और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पहला डिजिटल लोकल पास जुलाई 2026 में दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू किया गया था। सफल शुरुआत के बाद इसे अब 121 टोल प्लाजा तक विस्तार दिया गया है। आने वाले महीनों में देश के अन्य टोल प्लाजा को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।
20 किलोमीटर दायरे में रहने वालों को लाभ
डिजिटल लोकल पास के लिए संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग आवेदन कर सकेंगे। पात्र यात्रियों को लागू नियमों के अनुसार मासिक लोकल पास के जरिए संबंधित टोल प्लाजा से महीनेभर असीमित यात्रा की सुविधा मिलेगी।
पहले स्थानीय पास बनवाने के लिए वाहन चालकों को टोल प्लाजा पहुंचकर आवासीय पते और अन्य पात्रता से जुड़े दस्तावेज जमा करने पड़ते थे। डिजिटल व्यवस्था ने इस प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है।
डिजिटल सत्यापन से तय होगी पात्रता
एनएचएआई के मुताबिक डिजिटल लोकल पास व्यवस्था में डिजीलॉकर, वाहन और अन्य सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म से सहमति-आधारित एकीकरण किया गया है। इसके माध्यम से आवासीय पता, वाहन विवरण और लिंक किए गए फास्टैग की जानकारी सत्यापित की जा सकेगी। भौगोलिक सूचना प्रणाली के जरिए यह भी जांच होगी कि आवेदक का पंजीकृत पता संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं।
इस व्यवस्था से कागजी दस्तावेज और भौतिक सत्यापन की जरूरत कम होगी तथा पात्रता निर्धारण में एकरूपता, पारदर्शिता और सटीकता आएगी।
ऐसे खरीद सकेंगे लोकल पास
राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ता ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से लोकल पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। एनएचएआई की ऑनलाइन सुविधा पर उपलब्ध सूची से यह भी देखा जा सकता है कि कौन-कौन से टोल प्लाजा डिजिटल लोकल पास सुविधा के दायरे में हैं।
एनएचएआई का कहना है कि डिजिटल लोकल पास सुविधा से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले स्थानीय लोगों के लिए टोल संबंधी सेवाएं अधिक आसान और सुविधाजनक होंगी।














Users Today : 107
Users Yesterday : 361