हरिद्वार (पूजा सिंह) कुंभ मेला-2027 के कार्यों के लिए अतिक्रमण चिह्नित करने पहुंची लोक निर्माण विभाग की टीम पर इंदिरा बस्ती में कथित हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोप है कि सीमांकन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और पथराव किया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर मोटर मार्ग तक कुंभ से जुड़े कार्यों के लिए अतिक्रमण चिह्नित किया जा रहा है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग की टीम श्रीयंत्र सेतु से इंदिरा बस्ती पहुंची थी। आरोप है कि टीम ने जैसे ही सीमांकन की कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद लोगों ने विरोध करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से अभद्रता शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर भीड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हाथापाई की तथा उन पर पत्थर फेंके। मौके के हालात इतने बिगड़ गए कि सरकारी कर्मचारी भीड़ से अपनी जान बचाकर वहां से भागने को मजबूर हुए। घटना से सरकारी कामकाज बाधित हुआ और टीम में दहशत का माहौल बन गया।
शिकायत में सरकारी अभिलेख छीने जाने का आरोप भी लगाया गया है। सरकारी कार्य में तैनात कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट और पथराव को लेकर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की है। अब पुलिस नामजद आरोपियों के साथ अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर देवेंद्र नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर
संजीव-रंजीत-राकेश समेत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। कुंभ के महत्वपूर्ण कार्यों के सीमांकन के दौरान सामने आई इस घटना ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।














Users Today : 102
Users Yesterday : 361