देहरादून।दलितों और पिछड़े वर्गों के सम्मान, समानता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर देहरादून में कांग्रेस की ओर से सचिवालय कूच किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व एवं वर्तमान विधायकों, प्रदेश व जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
सचिवालय कूच में शामिल वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने कहा कि लोकतंत्र की असली पहचान तभी कायम रह सकती है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को समान सम्मान और अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि सम्मान, समानता और संविधान में मिले अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है।
मनोज धनगर ने कहा कि कुछ समय पहले हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद उसी स्थान पर कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ यज्ञ किए जाने की घटना ने सामाजिक भेदभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस इस घटना का विरोध कर चुकी है। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम के तहत दर्ज मामले को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर भेदभाव और दलितों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पिछड़े वर्ग के सम्मान से समझौता नहीं होगा और संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
मनोज धनगर ने कहा कि उनका संघर्ष किसी धर्म या समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि हर नागरिक के सम्मान और बराबरी के लिए है। उन्होंने 26 बीएचईएल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प दोहराया।













Users Today : 181
Users Yesterday : 147