हरिद्वार। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर कथित तौर पर दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। आरोप है कि अमन पुत्र रामकुमार कश्यप ने अपनी बहन रूपा और उसके प्रेमी सूरज पुत्र अशोक कश्यप पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। एक साथ दो मौतों की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।














Users Today : 74
Users Yesterday : 316