हरिद्वार। उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में तैनात शिक्षकों के लिए अब अलग कैडर बनाने की तैयारी है। प्रस्ताव को कार्मिक और वित्त विभाग की मंजूरी मिल चुकी है और अगला पड़ाव राज्य मंत्रिमंडल है।
अलग कैडर बनने के बाद एससीईआरटी और डायट में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग पर निर्भरता कम होगी। अभी इन संस्थानों में शिक्षकों की तैनाती मुख्य रूप से माध्यमिक शिक्षा विभाग से स्थानांतरण या प्रतिनियुक्ति के माध्यम से होती है।
प्रस्तावित ढांचे में एससीईआरटी के लिए सहायक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पदों के साथ अपर निदेशक और निदेशक के पद शामिल किए जाएंगे। वहीं डायट में प्रवक्ता, उप प्राचार्य और प्राचार्य के पद होंगे। दोनों संस्थानों के लिए अलग सेवा नियमावली तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर भर्ती और पदोन्नति की व्यवस्था आगे बढ़ेगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में एससीईआरटी और डायट के लिए अलग कैडर बनने से विभाग पर अतिरिक्त दबाव भी कम होने की उम्मीद है।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316