हरिद्वार। चेन लूट की घटनाओं के बाद पुलिस की ओर से चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश उर्फ भिंडे उर्फ राज (22) पुत्र कन्हैया, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। फरार आरोपी दिनेश पुत्र गोमा राम, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली बताया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से मुठभेड़ की पूरी जानकारी ली और घटनास्थल की स्थिति, फायरिंग की दिशा तथा बदमाशों के भागने वाले रास्तों के संबंध में जानकारी जुटाई। एसएसपी ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चल रही कांबिंग और सर्च ऑपरेशन को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे मंगलवार सुबह लूटी गई चेन, तमंचा, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। ज्वालापुर से चोरी की गई बाइक भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पिछले दिनों कनखल, ज्वालापुर, कोतवाली और रायवाला क्षेत्र में हुई चेन लूट व बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। फरार आरोपी की तलाश में हरिद्वार के साथ दिल्ली में भी पुलिस टीम भेजी गई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316