हरिद्वार। बहादराबाद के पुराने औद्योगिक क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइनों और खंभों को लेकर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) हरिद्वार एवं भगवानपुर चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने यूपीसीएल के मुख्य अभियंता मोहित जोशी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और विद्युत व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्य अभियंता को प्रार्थना पत्र सौंपा।
आईआईए प्रतिनिधियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में लगी 11 हजार केवी की विद्युत लाइनें और खंभे काफी पुराने हो चुके हैं। तेज हवा चलने के दौरान पेड़ों की टहनियां विद्युत लाइनों से टकराने के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है। कई बार विद्युत तार टूटकर नीचे गिरने की घटनाएं भी सामने आती हैं, जिससे औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों के साथ ही आसपास के लोगों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कुंभ, कांवड़ मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात मार्गों में बदलाव होने के चलते बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र से वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में जर्जर विद्युत लाइनों को लेकर सुरक्षा का मुद्दा और गंभीर हो जाता है।
आईआईए ने पुरानी विद्युत लाइनों और खंभों को बदलने तथा विद्युत व्यवस्था के उन्नयन के साथ भूमिगत विद्युत केबल बिछाने पर विचार करने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्य अभियंता मोहित जोशी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित उपखंडीय एवं फील्ड अधिकारियों को बुलाकर मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में विवेक अग्रवाल, राहुल शर्मा, दिनेश पुंडीर, कपिल मोदी, दीपमणि मिश्रा, अतुल और अमित गोयल शामिल रहे।














Users Today : 67
Users Yesterday : 316