ऋषिकेश (POOJA SINGH) तहसील ऋषिकेश के न्याय पंचायत श्यामपुर के खदरी खड़क माफ क्षेत्र के लक्कड़घाट में रविवार शाम करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत हो गई। हादसा विवेका एकेडमी के पास शिव मंदिर वाली गली में हुआ। बताया गया कि सड़क पर बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था और उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही ठूमा देवी और उनकी बेटी सृष्टि इसकी चपेट में आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ऊर्जा निगम ने संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता को निलंबित कर दिया है।
मृतका के पति हरपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी ठूमा देवी बेटी सृष्टि को गोद में लेकर घर लौट रही थीं। उन्होंने हादसे के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में ऊर्जा निगम के अवर अभियंता, सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता को आरोपी बनाया गया है। जांच उपनिरीक्षक सुमित चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस बिजली का तार टूटने और उसमें करंट प्रवाहित होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।














Users Today : 107
Users Yesterday : 361