देहरादून (POOJA SINGH) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुरपिया में विकसित किए जा रहे एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर के निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट की शीर्ष निगरानी बैठक में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। बैठक में औद्योगिक गलियारों से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खुरपिया परियोजना के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि पूरी तरह संबंधित संस्था के कब्जे में है और परियोजना स्थल पर वर्तमान में कोई बाधा नहीं है। उन्होंने बताया कि 20 मार्च 2026 को निर्माण अनुबंध किया जा चुका है और निर्माण कार्य शुरू हो गया है। परियोजना के तहत 24.1 किलोमीटर मार्गाधिकार की भूमि खाली कर ठेकेदार को उपलब्ध करा दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना की सफलता के लिए सड़क और बिजली जैसी बाहरी आधारभूत सुविधाओं का मजबूत होना जरूरी है। इसी के तहत नागला-किच्छा राज्य मार्ग संख्या-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को चार लेन करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इससे खुरपिया औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखते हुए निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
परियोजना से जुड़े मुख्य आधारभूत ढांचे को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खुरपिया औद्योगिक क्लस्टर उत्तराखंड में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ औद्योगिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का प्रयास है कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा कर आधुनिक और निवेश अनुकूल औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।














Users Today : 101
Users Yesterday : 361