हरिद्वार(POOJA SINGH) बाबा साहेब समरसता स्थल के निर्माण के लिए जमीन को लेकर एक दिन पहले जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के बाद मंगलवार को सामने आए प्रशासनिक पत्र ने तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। समाज के लोगों ने जहां जमीन उपलब्ध कराने अथवा प्रस्तावित जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई थी, वहीं अब उपजिलाधिकारी की ओर से जारी पत्र सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जमीन चिह्नित किए जाने की पुष्टि हुई है।
उपजिलाधिकारी हरिद्वार की ओर से जारी पत्र के अनुसार ग्राम रानीपुर बाहर हदूद, परगना ज्वालापुर, तहसील व जिला हरिद्वार स्थित खसरा संख्या 806 की 0.2780 हेक्टेयर यानी 2,780 वर्गमीटर भूमि बाबा साहेब समरसता स्थल के निर्माण के लिए उपयुक्त पाई गई है। क्षेत्रफल के लिहाज से यह जमीन स्थानीय प्रचलित माप में करीब 4.08 बीघा है।
राजस्व अभिलेखों में उक्त भूमि बंजर श्रेणी 5(3), अन्य कृषि योग्य बंजर भूमि के रूप में दर्ज है। तहसीलदार की आख्या में मौके पर जमीन खाली पड़ी होने और प्रस्तावित निर्माण के लिए उपयुक्त होने का उल्लेख किया गया है। यानी मुख्यमंत्री घोषणा के तहत जिस जमीन की तलाश को लेकर सवाल उठ रहे थे, उस दिशा में प्रशासन ने राजस्व स्तर पर स्थान चिह्नित कर लिया है।
————-
एक साल से ज्यादा पुरानी घोषणा, अब सामने आया प्रशासनिक कदम
पत्र के अनुसार जिला समाज कल्याण अधिकारी ने 8 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री घोषणा के संबंध में तहसीलदार हरिद्वार से भूमि की आख्या मांगी थी। तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर अब उपजिलाधिकारी ने भूमि को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। इससे यह सवाल भी उठता है कि जुलाई 2025 में आख्या मांगे जाने के बाद आगे की कार्रवाई में इतना समय क्यों लगा।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अभी जमीन का अंतिम आवंटन नहीं हुआ है। प्रशासनिक पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि नियमानुसार प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद भूमि आवंटित की जा सकती है। ऐसे में जमीन चिह्नित होने के बाद अब अगली नजर प्रस्ताव और वास्तविक आवंटन की प्रक्रिया पर रहेगी।
पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। मंगलवार को पत्र सामने आने के बाद मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित बाबा साहेब समरसता स्थल के निर्माण की प्रक्रिया को लेकर स्थिति पहले की तुलना में स्पष्ट हुई है।














Users Today : 107
Users Yesterday : 361