हरिद्वार। भगवानपुर में आदित्य उर्फ आदि राणा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपितों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। विवाद सुलझाने के बहाने आदित्य को घर बुलाया गया और वहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है।
इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि एक अक्तूबर को सागर पुत्र रविन्द्र राणा ने अपने भाई आदित्य की हत्या के संबंध में तहरीर दी थी। इसके आधार पर अनिल शर्मा, उसके पुत्र राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की निवासी प्रताप कॉलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
हत्या के बाद पुलिस ने चार टीमों को जांच में लगाया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संभावित रास्तों पर निगरानी की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची।
शनिवार को पुलिस ने इमली रोड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में सामने आया कि विवाद खत्म करने के बहाने आदित्य को आरोपितों ने घर बुलाया था। पुलिस के अनुसार घर पहुंचने के बाद तीनों ने एक राय होकर उस पर तमंचे से गोली चला दी। पुलिस ने बरामद हथियार और खोखा कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316