हरिद्वार। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का इंतजार कर रहे गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए भर्ती रैली पांच अक्टूबर से रुड़की स्थित बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर में शुरू होगी। भर्ती रैली 23 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने एक से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है।
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के अनुसार रैली में अग्निवीर लिपिक, सामान्य ड्यूटी, तकनीकी और ट्रेड्समैन श्रेणियों में भर्ती होगी। सामान्य ड्यूटी, तकनीकी और ट्रेड्समैन के लिए चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के अभ्यर्थी शामिल होंगे। अग्निवीर लिपिक के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के निर्धारित जिलों के अभ्यर्थी भी रैली में भाग लेंगे।
गढ़वाल के सात जिलों के लिए सामान्य ड्यूटी, तकनीकी और ट्रेड्समैन की रैली 13 अक्टूबर से शुरू होगी। 13 अक्टूबर को उत्तरकाशी और चमोली, 15 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल, 16 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल, 18 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग और देहरादून तथा 19 अक्टूबर को देहरादून और हरिद्वार के अभ्यर्थियों की रैली होगी। 20 अक्टूबर को तकनीकी और ट्रेड्समैन श्रेणी की रैली निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।
उधर, अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में दी गई तिथि और समय पर निर्धारित मूल दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा। सेना भर्ती कार्यालय ने दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने तथा किसी को पैसे नहीं देने की अपील की है।
——-














Users Today : 51
Users Yesterday : 316