हरिद्वार। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध की सीमा लांघकर परिवार, आस्था और सनातन परंपराओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब विरोध तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि भाजपा नेताओं के दिवंगत परिजनों और धार्मिक आस्थाओं को भी राजनीतिक विवाद में खींचा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों के बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध को लेकर टिप्पणी की गई। ठाकुर ने कहा कि श्राद्ध पूर्वजों के स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है। ऐसे धार्मिक संस्कार को राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनाना सनातन परंपराओं के प्रति असम्मान को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस के मोहब्बत के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ओर प्रेम और सद्भाव की बात करती है, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं के परिवारों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध नीतियों और विचारधारा तक सीमित रहना चाहिए, परिवार तथा धार्मिक आस्था को इसमें नहीं घसीटना चाहिए।
नवीन ठाकुर ने सेना के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक नेता ने तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि देवभूमि के वीर सपूतों के प्रति इस तरह की बयानबाजी गंभीर विषय है। सत्ता हासिल करने के लिए जनता को गुमराह करने के बजाय कांग्रेस को अपनी राजनीतिक भाषा और मर्यादा पर विचार करना चाहिए।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विकास तिवारी, धर्मेंद्र चौहान, डॉ. विशाल गर्ग, विनीत जोली, राहुल चौहान और तरुण नैय्यर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे














Users Today : 57
Users Yesterday : 316