हरिद्वार। खानपुर क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए उप जिला चिकित्सालय रुड़की रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल से घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने टेंपो पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया और खानपुर की ओर भाग निकला। सूचना मिलने पर खानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तत्काल पीछा करने के लिए रवाना हुए।
पुलिस के मुताबिक, धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास चालक ने टेंपो सड़क पर छोड़ दिया और गन्ने के खेत में घुस गया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो खेत से पुलिस पर फायरिंग की गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध के पैर में गोली लगी। घायल को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए लक्सर अस्पताल पहुंचाया।
उपचार के दौरान आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील, निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की बताया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ उसके आपराधिक इतिहास और मुठभेड़ से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी पूछताछ पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316