हरिद्वार। कुंभ बजट के उपयोग को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने 709 करोड़ रुपये के बजट के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कुंभ निर्माण कार्यों पर श्वेत पत्र जारी करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
आलोक शर्मा ने कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उन्होंने ज्वालापुर और बहादराबाद क्षेत्र को विकास कार्यों से अपेक्षित रूप से नहीं जोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि सीतापुर, रवि विहार, ब्रह्मपुरी, शिव विहार, आन्नेकी और रोशनाबाद समेत कई क्षेत्रों में सड़क और सीवर की समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर पानी की टंकियां बनने के बावजूद कनेक्शन नहीं दिए गए हैं।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रत्येक कार्यस्थल पर सूचना पट लगाने, उसमें अधिकारियों के मोबाइल नंबर और कार्यदायी संस्था का नाम दर्ज करने की मांग की। साथ ही तृतीय पक्ष जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक करने को कहा।
आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ कार्यों के बाद निविदा प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने सभी कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि कुंभ आस्था का पर्व है और निर्माण कार्यों में लापरवाही तथा खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए। प्रेसवार्ता में बालेश्वर सिंह, सोम त्यागी, मनोज सैनी, सुरेश राणा, निर्मल सोनी, विकास चंद्रा और सीएल यूदेव मौजूद रहे।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316