हरिद्वार। सड़कों को गड्ढामुक्त करने की पहली समय सीमा बीतने के बाद प्रशासन अब 15 अक्टूबर की नई डेडलाइन को लेकर सख्त हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित खुद सड़कों पर उतरे और चंडी चौक से दक्षद्वीप तक कई स्थानों का निरीक्षण कर मरम्मत कार्यों की हकीकत परखी। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि अब काम कागजों में नहीं, बल्कि मौके पर दिखाई देना चाहिए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लंबित डामरीकरण और पेंचवर्क में तेजी लाने के लिए श्रमिक और संसाधन बढ़ाने के निर्देश दिए। चंडी पुल के मरम्मत कार्य की प्रगति देखते हुए उन्होंने काम शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि यातायात लंबे समय तक प्रभावित न रहे। आयरिश पुल के पास क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया गया।
बैरागी कैंप-दक्षद्वीप क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर लंबे पुल का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा की जानकारी ली। उन्होंने कुंभ मेले से जुड़े लोक निर्माण विभाग के कार्यों को भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों में पेंटिंग, दीवारों पर चित्रकारी और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क और डामरीकरण को प्राथमिकता में रखने को कहा गया।
निरीक्षण में परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, उप प्रबंधक प्रज्वल चौहान, ठेकेदार अमित जैन और जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह समेत अधिकारी मौजूद रहे।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316