हरिद्वार। भूपतवाला स्थित चर्चित स्वामी देवानंद भारत भक्ति आश्रम यानी अमेरिकन आश्रम की भूमि पर कथित कब्जे को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर आश्रम की प्रबंधक परमजीत कौर ने कुछ लोगों पर आश्रम की संपत्ति खुर्द-बुर्द करने और भूमि कब्जाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन से भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
परमजीत कौर ने आरोप लगाया कि आश्रम की भूमि पर कब्जे की नीयत से षड्यंत्रपूर्वक दीवार का निर्माण कराया गया। इस संबंध में पुलिस-प्रशासन के समक्ष शिकायत करने के बावजूद अब तक भूमि को कब्जामुक्त नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि आश्रम की संपत्ति बचाने का प्रयास करने पर उन्हें डराने-धमकाने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कुछ संतों पर भी कथित मिलीभगत के आरोप लगाए।
पत्रकार वार्ता में मौजूद कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने आश्रम की कनाडा निवासी स्वामिनी ईस्टर फ्रीड से दूरभाष पर वार्ता कर आश्रम से जुड़ी जानकारी पत्रकारों के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि धार्मिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। उनके अनुसार आश्रम की स्वामिनी ने भी प्रशासन से आश्रम की सुरक्षा और बाहरी लोगों के हस्तक्षेप पर रोक लगाने की मांग की है।
मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि कुछ भगवा वेशधारी लोगों की भूमाफिया से कथित मिलीभगत है और आश्रम पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर कथित कब्जे के प्रयास पर रोक लगाने और आश्रम की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316