हरिद्वार। धर्मनगरी में संचालित कुछ स्पा सेंटर और मसाज पार्लरों को लेकर कथित अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों ने विवाद खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों से मिली शिकायतों के आधार पर रविवार को बजरंग दल और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पेंटागन मॉल पहुंचे और कुछ स्पा सेंटरों के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ सेंटरों की आड़ में देह व्यापार जैसी गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
विरोध के दौरान सेंटर संचालकों और वहां मौजूद महिलाओं के साथ कार्यकर्ताओं के विवाद और धक्का-मुक्की होने का भी आरोप लगाया गया। हालांकि, देह व्यापार या अन्य कथित गतिविधियों के आरोपों की पुलिस और प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बजरंग दल के जिला सह मंत्री दीपक तालियान ने कहा कि धार्मिक नगरी में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से सभी स्पा सेंटरों और मसाज पार्लरों की जांच कराने तथा उनके लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग की।
जिला सह विद्यार्थी प्रमुख कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक पहचान को देखते हुए शिकायतों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। हिंदू जागरण मंच के साजन वाल्मीकि, मयंक त्यागी, अनूप पाल, भूपेंद्र सैनी और आशीष साहू समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी जांच और कार्रवाई की मांग उठाई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316