हरिद्वार। हरिलोक तिराहे के पास रविवार को कार में टक्कर मारकर भाग रहे युवक ने पीछा कर रहे होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर किए गए वार से बचने के दौरान होमगार्ड संजीव कुमार का दाहिना अंगूठा कट गया। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां अंगूठे में पांच टांके लगाए गए।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार ने हरिलोक तिराहे के पास आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद ख्याति ढाबे के पास कार के टायर फट गए और वह रुक गई। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड संजीव कुमार और कृष्णपाल ने चालक को पकड़ने के लिए पीछा किया। इसी दौरान संजीव ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
112 की सूचना पर पुलिस टीम भी आरोपी के पीछे लगी थी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी हथियार लहराते हुए कार छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार बिजनौर के मंडावली से छीने जाने की बात सामने आई है। कार कब्जे में ले ली गई है और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी पहचान के प्रयास जारी हैं।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316