हरिद्वार। शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग को लेकर ग्राहकों और सेल्समैन के बीच विवाद की शिकायतें अक्सर सामने आती हैं, लेकिन अब एक्सपायरी शराब बेचने का मामला भी सामने आया है। अंग्रेजी शराब की दुकान पर जुलाई 2026 में एक्सपायर हो चुका एप्पल फ्लेवर शराब का क्वार्टर ग्राहक को देने का आरोप लगा है। ग्राहक ने क्वार्टर पर लिखी तारीख दिखाकर विरोध किया तो अपनी गलती सुधारने के बजाय दुकान पर मौजूद कर्मचारी उससे उलझने लगे। विवाद बढ़ा तो ग्राहक ने घटना का वीडियो बना लिया। मामला शांत कराने के लिए ग्राहक के पैसे लौटाए गए और संबंधित क्वार्टर को उसके सामने ही दुकान से बाहर फेंक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राहक बहादराबाद स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर एप्पल फ्लेवर शराब का क्वार्टर खरीदने पहुंचा था। आरोप है कि उसे दिया गया क्वार्टर जुलाई 2026 में ही एक्सपायर हो चुका था। ग्राहक ने जब इसकी जानकारी दुकान पर मौजूद कर्मचारियों को दी तो वे संतोषजनक जवाब देने के बजाय उससे बहस करने लगे। ग्राहक का आरोप है कि उसकी बात दबाने का प्रयास किया गया। इस दौरान हुई कहासुनी का उसने वीडियो बना लिया।
विवाद बढ़ता देख दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने ग्राहक के सामने ही संबंधित क्वार्टर बाहर फेंक दिया। इसके बाद ग्राहक को पैसे वापस किए गए, तब जाकर मामला शांत हुआ। ग्राहक ने इसकी शिकायत आबकारी विभाग से की है।
———–
एक्सपायरी शराब को मामूली मामला मानने का सवाल
इस घटना ने शराब की दुकानों पर उत्पादों की जांच और आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ग्राहक का आरोप सही है तो यह केवल पैसे लौटाकर मामला निपटाने का विषय नहीं है। जांच का मुद्दा यह भी है कि एक्सपायर हो चुका उत्पाद दुकान पर कैसे रखा था और ग्राहक को बिक्री के लिए कैसे दिया गया। साथ ही, दुकान पर उपलब्ध अन्य उत्पादों की भी जांच की जानी चाहिए।
शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। अब देखना होगा कि विभाग केवल शिकायत की औपचारिक जांच करता है या दुकान पर रखे उत्पादों की समाप्ति तिथि की जांच कर जिम्मेदारी भी तय करता है।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316