हरिद्वार। भीम आर्मी जय भीम में संगठनात्मक विवाद के बीच उत्तराखंड में नए संगठन के गठन की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश प्रभारी सोनू लाठी और प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता अंकुश शैरवाल समेत कई पदाधिकारियों ने संगठन से अलग होने का निर्णय लिया है। नए संगठन की औपचारिक घोषणा रविवार, 11 अक्टूबर को किए जाने की बात कही गई है। प्रस्तावित संगठन फिलहाल उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में सक्रिय रहेगा।
अधिवक्ता अंकुश शैरवाल ने बताया कि उन्होंने प्रदेश प्रभारी सोनू लाठी के साथ प्रदेश अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है। उनके मुताबिक, संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से पदाधिकारियों को हटाने के फैसले से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उचित कारण बताए पदाधिकारियों को हटाया गया, जिसके बाद कई लोगों ने संगठन छोड़कर नया संगठन खड़ा करने का निर्णय लिया।
अंकुश शैरवाल के अनुसार, सोनू लाठी के समर्थन में दर्जनों पदाधिकारी संगठन से अलग हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि नए संगठन के गठन को लेकर कई अन्य पदाधिकारी भी साथ आ रहे हैं। हालांकि, नए संगठन का नाम और उसकी संरचना फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। इसकी घोषणा रविवार को की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संगठन में काम करते हुए उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में आगे काम करना उचित नहीं लगा। नए संगठन को मजबूत करने के बाद दूसरे क्षेत्रों में भी विस्तार की योजना बनाई जाएगी।
भीम आर्मी जय भीम में हुए इस घटनाक्रम के बाद उत्तराखंड में संगठन की आगामी रणनीति और नए संगठन के प्रभाव पर नजर रहेगी।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316