हरिद्वार। भीम आर्मी जय भीम से अलग हुए सोनू लाठी, अधिवक्ता अंकुश शैरवाल और उनके समर्थकों ने नए संगठन का गठन कर उसका नाम भीम आर्मी कांशीराम दल रखा है। रविवार को बहादराबाद के अत्मलपुर बोंगला में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के नाम की औपचारिक घोषणा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने फिलहाल उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अपनी गतिविधियां संचालित करने की बात कही है।
नए संगठन का गठन भीम आर्मी जय भीम में पिछले एक सप्ताह से चल रहे विवाद के बाद हुआ है। संगठन के प्रदेश प्रभारी सोनू लाठी और प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता अंकुश शैरवाल समेत कई पदाधिकारियों ने पुराने संगठन से अलग होने का फैसला लिया। इसके बाद समर्थकों के साथ नए संगठन की घोषणा की गई।
अधिवक्ता अंकुश शैरवाल ने बताया कि उन्होंने सोनू लाठी के साथ अपने पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भीम आर्मी जय भीम के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बिना उचित कारण बताए पदाधिकारियों को हटाया, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ी। उनके अनुसार, इसी घटनाक्रम के बाद प्रदेश के सैकड़ों पदाधिकारियों ने संगठन से अलग होकर नया दल बनाने का निर्णय लिया।
अंकुश शैरवाल ने कहा कि उन्होंने पुराने संगठन में निष्ठा और ईमानदारी से काम किया, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में अलग रास्ता चुनना पड़ा। अब भीम आर्मी कांशीराम दल के माध्यम से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूत किया जाएगा। पदाधिकारियों के मुताबिक, संगठन के विस्तार की योजना भी बनाई जाएगी।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316