रामनगर। कोतवाली रामनगर क्षेत्र में रविवार को पुलिस और वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हाथीडंगर वन विभाग चेकपोस्ट से आगे जंगल में छिपे 15 मुकदमों में आरोपी चंदन सागर को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाश ने फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस के एक वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
फायरिंग की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जंगल की घेराबंदी कर बदमाश की तलाश शुरू की गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चंदन सागर के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल हालत में हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार चंदन सागर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई चल रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। मुठभेड़ की सूचना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।














Users Today : 103
Users Yesterday : 361