POOJA SINGH देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम के दौरान देहरादून जनपद को ₹219.29 करोड़ की 51 विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर ₹172.78 करोड़ की लागत वाली 38 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹46.50 करोड़ की 13 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से देहरादून के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, शिक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। कार्यक्रम में मसूरी, डोईवाला, रायपुर, सहसपुर, धर्मपुर, विकासनगर, चकराता और कैंट विधानसभा क्षेत्रों की अनेक सड़क, इंटरलॉकिंग टाइल्स, पुल, नहर पुनरोद्धार, बाढ़ सुरक्षा और पार्क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इसके अलावा मसूरी डायवर्जन से लाइब्रेरी चौक तक एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग, आईएसबीटी देहरादून के सुदृढ़ीकरण, गौशालाओं के निर्माण, विद्यालय भवन, सिंचाई परियोजनाओं तथा पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाओं की भी आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम में डोईवाला के आधुनिक पशु चिकित्सालय, अजबपुरकलां राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भवन, स्नान घाट, पार्कों के सौंदर्यीकरण, मोटर मार्ग उन्नयन और विभिन्न संपर्क मार्गों सहित 13 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इन परियोजनाओं से जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।














Users Today : 25
Users Yesterday : 86