हरिद्वार। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार में छापेमारी और जांच अभियान तेज कर दिया है। 15 अक्टूबर को विभागीय टीमों ने ज्वालापुर, कटहरा बाजार, अनाज मंडी, कनखल, शिवमूर्ति चौक और मायापुर समेत कई क्षेत्रों में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और खाद्य पदार्थों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दूध सहित छह विधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण और साफ-सफाई की स्थिति जांची। मायापुर स्थित होटल गंगा किनारे का भी निरीक्षण किया गया। होटल संचालकों से पेस्ट कंट्रोल, खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण और प्रशिक्षण से संबंधित अभिलेख मांगे गए। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
विभाग की सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला ने शिवमूर्ति चौक, राम रोड और गुजराती गली समेत विभिन्न क्षेत्रों में 83 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की। इनमें 18 नमूने अधोमानक पाए गए। इनमें दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नौ, तेल-घी के 12, अनाज के तीन, मिठाइयों के 14 और मसालों के 45 नमूने शामिल थे। विभाग ने अधोमानक पाई गई खाद्य सामग्री को नष्ट कराया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ एसीजेएम न्यायालय में चार वाद दायर किए गए हैं। विभाग ने कारोबारियों को गुणवत्ता और स्वच्छता के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316