हरिद्वार। झिलमिल झील संरक्षण रिजर्व में बृहस्पतिवार से जंगल सफारी शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने नए सीजन के लिए रिजर्व के गेट पर्यटकों के लिए खोल दिए हैं। अब पर्यटक 30 जून तक निर्धारित व्यवस्था के तहत जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे।
हरिद्वार वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाला झिलमिल झील संरक्षण रिजर्व वन्यजीवों और जैव विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र विशेष रूप से बारहसिंगा के संरक्षण के लिए जाना जाता है। रिजर्व में हाथी, गुलदार, चीतल, सांभर और विभिन्न प्रजातियों के पक्षी भी पाए जाते हैं।
मानसून के दौरान जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सफारी बंद रखी जाती है। मानसून अवधि समाप्त होने के बाद अब इसे दोबारा शुरू कर दिया गया है। पर्यटकों को सफारी के दौरान वन विभाग के नियमों का पालन करना होगा और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही प्रवेश मिलेगा।
जंगल सफारी शुरू होने से हरिद्वार में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पर्यटक धार्मिक स्थलों के साथ प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों को देखने के लिए भी झिलमिल झील संरक्षण रिजर्व पहुंच सकेंगे।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316