POOJA SINGH ऋषिकेश। एक दिल दहला देने वाली घटना में बेटे ने अपनी मां पर गोली चला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी बेटा ही घायल मां को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। इस दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां खून के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस टीम सीधे एम्स पहुंची और घायल महिला की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चौकी प्रभारी विवेक राठी ने बताया कि शुरुआती जांच में विवाद के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं। महिला को गोली शरीर के किस हिस्से में लगी, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी गहन जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया पुलिस को यह जानकारी मिली है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और आशंका जताई जा रही है कि उसने नशे की हालत में यह घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को गंभीरता से जांच रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
उधर, एम्स ऋषिकेश में घायल उषा देवी का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही है।
मां पर बेटे द्वारा गोली चलाने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।














Users Today : 25
Users Yesterday : 86