हरिद्वार। बाजार चौकी के बाहर सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर व्यापारियों की परेशानी की खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार लोक निर्माण विभाग नींद से जाग गया। हालांकि विभाग की यह कार्रवाई उस समय हुई, जब परेशान व्यापारियों ने पहले ही अपने खर्च पर गड्ढों को भरवा दिया था।
रविवार को लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढों के आसपास इंटरलॉकिंग ईंटें रखवाई गईं। विभाग की इस कार्रवाई को देखकर सवाल भी उठ रहे हैं कि यदि खबर प्रकाशित होने और व्यापारियों के खुद पैसे खर्च करने के बाद विभाग जाग सकता है तो पहले से शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान होकर अपने स्तर पर पैसा खर्च किया। अब यदि विभाग खानापूर्ति के नाम पर इन्हीं जगहों को दोबारा खोदकर निर्माण कार्य करता है तो व्यापारियों का पैसा भी बेकार जाएगा और सरकारी धन भी दोबारा खर्च होगा।
खास बात यह है कि जिस काम के लिए विभाग को आगे आना चाहिए था, वह काम व्यापारियों ने अपने खर्च पर कर दिया। इसके बाद विभाग का जागना कहीं न कहीं विभागीय कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर रहा है।














Users Today : 0
Users Yesterday : 237