हरिद्वार। अलीपुर गांव में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों और ट्रक चालकों के बीच जमकर हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि अलीपुर और इब्राहिमपुर गांव के कई लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद अलीपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार अलीपुर गांव के बीच से गुजरने वाले रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी। इसी दौरान एक बड़े वाहन की चपेट में आने से सड़क किनारे बने मकान को नुकसान पहुंच गया। इस बात को लेकर ग्रामीणों और ट्रक चालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और हंगामे में बदल गई।
बताया गया कि ट्रक चालक ने पास के इब्राहिमपुर गांव से अपने लोगों को बुला लिया। इसके बाद दोनों गांवों के कई लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ओर तनातनी बढ़ने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामला बढ़ता देख स्थानीय जिम्मेदार लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया।
हंगामे के चलते मार्ग पर करीब 200 वाहन फंस गए। दोनों तरफ लगभग पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। काफी मशक्कत के बाद रास्ता खुलवाया जा सका। घटना ने गांव के बीच से भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।














Users Today : 125
Users Yesterday : 189