हरिद्वार। रसूलपुर गांव में चीतल के शिकार की सूचना पर वन विभाग की टीम ने दबिश देकर एक आरोपी को करीब पांच किलो चीतल के मांस के साथ गिरफ्तार किया। टीम को मौके पर आता देख उसके अन्य साथी फरार हो गए। वन विभाग की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दे रही हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि रसूलपुर गांव में कुछ लोग चीतल का शिकार कर रहे हैं। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विवेक जोशी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। टीम ने एक आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से करीब पांच किलो चीतल का मांस बरामद किया।
कार्रवाई के दौरान अन्य आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे। वन विभाग ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित वन्यजीव कानूनों के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। जंगल क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में डिप्टी रेंजर सुभाष चंद्र, वनकर्मी एहसान अली और शशिकांत रियाल शामिल रहे।













Users Today : 181
Users Yesterday : 147