हरिद्वार। कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ यात्रा की शुरुआत में ही पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी और कलह खुलकर सामने आ गई। शिव मूर्ति चौक से यात्रा शुरू होते ही दो स्थानीय कांग्रेस नेताओं के समर्थक आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते चौक जंग के मैदान में तब्दील हो गया। इस दौरान चले लात-घूंसों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
बुधवार को यात्रा के शुभारंभ के दौरान लालढांग के कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी और मंगलौर के कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआती बहस के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन तभी कुछ लोगों ने गुरजीत लहरी पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए और जमकर हाथापाई व मारपीट हुई।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हंगामा
हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी घटना उस समय हुई जब यात्रा में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। दिग्गजों की मौजूदगी के बावजूद नेताओं के समर्थकों का यूं आपस में भिड़ जाना पार्टी में गहरी गुटबाजी को दर्शाता है।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित गुरजीत लहरी को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और विधायक अनुपमा रावत का करीबी माना जाता है, जबकि जितेंद्र पंवार मंगलौर से कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन के समर्थक बताए जा रहे हैं।
आरोप और सफाई
गुरजीत लहरी (कांग्रेस नेता): “जितेंद्र पंवार और उनके समर्थकों ने मेरे साथ अभद्रता और हाथापाई की। इस पूरे मामले की शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से की जाएगी।”
अमन गर्ग (महानगर अध्यक्ष): “मारपीट की यह घटना मेरे संज्ञान में नहीं आई है, क्योंकि मैं यात्रा में आगे की ओर चल रहा था।”














Users Today : 57
Users Yesterday : 316