हरिद्वार। नवरात्र के पहले दिन हरिद्वार के वार्ड 44 स्थित त्रिमूर्ति नगर के आनंद विहार में हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। यहां श्री राम निस्वार्थ सेवा समिति की ओर से स्थापित श्री मां वैष्णो चमत्कारी मंदिर का उद्घाटन मुस्लिम पार्षद अहसान अंसारी ने किया। आयोजन के जरिए विभिन्न धर्मों के लोगों के बीच आपसी सम्मान और सद्भाव का संदेश दिया गया।
मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय श्रद्धालुओं और क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया। आयोजकों ने पार्षद अहसान अंसारी को मंदिर के शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया था। उनके हाथों उद्घाटन कराए जाने को सामाजिक समरसता और एक-दूसरे की धार्मिक आस्था के सम्मान से जोड़कर देखा गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी विश्वास, सहयोग और भाईचारे से बनती है।
नवरात्र के अवसर पर मंदिर में पूज्य माता दीपकला नंदा देवी ने विशेष साधना भी शुरू की। आयोजकों के अनुसार, उन्होंने कीलों की चौकी पर लेटकर तथा पेट पर रखी हांडी के ऊपर दीपक प्रज्वलित कर साधना प्रारंभ की। यह साधना नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह छह बजे से अगले दिन सुबह चार बजे तक चलने की बात कही गई।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष दीपक राम, रणवीर सैनी, चौधरी राजवीर सिंह, सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक अर्जुन लाल, सतीश, अखिल कुमार, रोहन बिरला सहित अनेक स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।
——————-
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश
मंदिर उद्घाटन में पार्षद अहसान अंसारी की सहभागिता ने धार्मिक विविधता के बीच आपसी सम्मान की भावना को सामने रखा। ऐसे आयोजन समाज के अलग-अलग वर्गों को एक साथ आने और मिल-जुलकर रहने का संदेश देते हैं। कार्यक्रम में लोगों ने आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316