हरिद्वार। प्लास्टिक और रबड़ का कचरा जलाकर कोल्हू चलाने वालों के खिलाफ उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को रुड़की क्षेत्रीय कार्यालय की टीम ने मरगूबपुर, रतनपुर, जोरासी और जबरदस्तपुर क्षेत्र में संचालित पांच कोल्हुओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मरगूबपुर में राशिद के कोल्हू में ईंधन के रूप में प्लास्टिक और रबड़ का अपशिष्ट इस्तेमाल होता मिला। टीम ने कार्रवाई करते हुए कोल्हू को सील कर दिया। अन्य चार कोल्हुओं में निरीक्षण के दौरान प्लास्टिक या रबड़ का कचरा ईंधन के रूप में इस्तेमाल होता नहीं पाया गया।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड की टीम ने अन्य कोल्हू संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि प्लास्टिक और रबड़ के कचरे को ईंधन के रूप में इस्तेमाल न किया जाए। ऐसा करना पर्यावरण और वायु गुणवत्ता के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
क्षेत्रीय अधिकारी राजेंद्र कुमार ने कहा कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोल्हुओं में प्लास्टिक और रबड़ जैसे अपशिष्ट जलाने से वायु प्रदूषण फैलने की आशंका रहती है। ऐसे मामलों में विभाग की ओर से नियमित निरीक्षण किया जाएगा और उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोल्हू संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करना होगा।














Users Today : 57
Users Yesterday : 316