हरिद्वार। हरिद्वार वन प्रभाग की रुड़की रेंज ने धनौरी बीट में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की विभिन्न धाराओं में वन अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए वन विभाग की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
वन विभाग के अनुसार, 14 जुलाई को धनौरी बीट में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिलने पर प्रभागीय वनाधिकारी हरिद्वार और उप प्रभागीय वनाधिकारी रुड़की के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान रासिद उर्फ भूरा निवासी बुढ्ढाहेड़ी, थाना पथरी और गुलशेर निवासी जनता रोड, चकहराती, थाना जनकपुरी, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की धारा 33, 41 और 42 के तहत कार्रवाई की है। विभाग का कहना है कि इस अवैध कटान में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
कार्रवाई वन क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने की। प्रभागीय वनाधिकारी ने लोगों से आरक्षित एवं संरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध कटान, शिकार, खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














Users Today : 118
Users Yesterday : 106