हरिद्वार। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र हरिद्वार में उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों ने अप्रैल 2026 से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों का कहना है कि तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि लगातार वेतन न मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस जमा करने, बैंक व अन्य ऋणों की किस्तें चुकाने तथा दैनिक जरूरतों को पूरा करने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुसार पात्र उपनल कर्मियों को संशोधित मानदेय का भुगतान किया जाना है, लेकिन अब तक इसका लाभ नहीं मिल सका है।
कर्मचारियों ने मांग की है कि अप्रैल 2026 से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से राहत मिल सके।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि उनके कार्यालय में उपनल के माध्यम से छह कर्मचारी कार्यरत हैं और अप्रैल माह से उनका वेतन लंबित है। कर्मचारियों का ज्ञापन प्राप्त हो चुका है। उन्होंने बताया कि मानदेय भुगतान के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर फाइल जिलाधिकारी को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई शासन और जिला प्रशासन के निर्देशानुसार की जाएगी।














Users Today : 107
Users Yesterday : 106