हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने का मामला पुलिस ने खोल दिया है। धमकी देने के बाद जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से हरिद्वार पहुंचे आरोपी को सिडकुल पुलिस और सीआईयू की टीम ने सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि 11 सितंबर को जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र संदेश भेजे गए थे। शिकायत पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मोबाइल नंबर और आरोपी की गतिविधियों की जांच शुरू की। जांच में हिमांशु चोढा का नाम सामने आया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा पूछताछ किए जाने से वह नाराज था। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने ही उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के लिए उकसाया और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। इसके बाद आरोपी ने लुधियाना से नए नंबर के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे।
मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सोशल मीडिया से मिलने के बाद आरोपी लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा। पुलिस के मुताबिक वह जेल की ओर जा रहा था और इसी दौरान सूर्यनगर में चेकिंग के दौरान पकड़ लिया गया। अवैध हथियार मिलने पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हिमांशु चोढा मूल रूप से लुधियाना का रहने वाला है और वर्तमान में आईडीपीएल देहरादून में रह रहा था। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है और उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।














Users Today : 225
Users Yesterday : 147