हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस को लेकर हरिद्वार में पुलिस ने सुरक्षा का शिकंजा कस दिया है। 15 अगस्त से पहले पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखते हुए पुलिस कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को सड़क पर उतार दिया गया है। शहर से लेकर देहात तक संदिग्ध व्यक्ति, वाहन और गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है।
हरिद्वार, सिडकुल, रानीपुर, ज्वालापुर, बहादराबाद, रुड़की, झबरेड़ा, कलियर, श्यामपुर, मंगलौर, बुग्गावाला और भगवानपुर समेत जिले के तमाम थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सघन चेकिंग शुरू कर दी है। होटल, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बाजार, बस अड्डे, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस टीमों ने अचानक पहुंचकर जांच की। होटल और धर्मशाला संचालकों से ठहरने वाले लोगों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस के साथ सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ाई गई है। संदिग्ध सामान और व्यक्तियों की जांच के साथ ही आने-जाने वाले वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीमें ऐसे स्थानों पर भी पहुंच रही हैं जहां सामान्य तौर पर भीड़ कम रहती है और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका हो सकती है।
कलियर में 758वें सालाना उर्स मेले को लेकर सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है। यहां पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स ने फ्लैग मार्च कर संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन किया। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि स्वतंत्रता दिवस और उर्स मेले के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर की निगरानी में अधिकारी लगातार फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। पुलिस ने होटल संचालकों, व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर की चूक न हो, इसके लिए हरिद्वार पुलिस ने निगरानी, चेकिंग, गश्त और एरिया डोमिनेशन को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है।














Users Today : 104
Users Yesterday : 361