हरिद्वार। दहेज की मांग और दूसरी शादी की धमकी के आरोपों के बीच सिडकुल थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रावली महदूद निवासी राकेश के मुताबिक उनकी बेटी सोनिया की शादी करीब पांच साल पहले रोशनाबाद पाल मार्केट निवासी जितेंद्र से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति जितेंद्र, ससुर बबलू, सास रेखा और चचेरा भाई नरेंद्र कम दहेज लाने को लेकर सोनिया को परेशान करते थे। पिता का आरोप है कि पिछले करीब एक साल से बेटी पर मायके से दहेज लाने का दबाव लगातार बढ़ाया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर पति की ओर से दूसरी शादी करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, 27 सितंबर की सुबह परिजनों को सोनिया के जहर खाने की सूचना मिली। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे भूमानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने आरोप लगाया कि उपचार के दौरान भी ससुराल पक्ष के लोगों ने इलाज में बाधा डालने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316