हरिद्वार। कनाडा निवासी एनआरआई और रियल एस्टेट कारोबारी हेमंत शर्मा ने क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर मामले की जानकारी दी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
हेमंत शर्मा के अनुसार, कारोबार के सिलसिले में दिल्ली में उनकी मुलाकात हरिद्वार निवासी मनीष भट्ट से हुई थी। आरोप है कि मनीष ने बड़े क्रिकेट खिलाड़ियों से अपनी पहचान होने की बात कहते हुए उन्हें नॉर्दन वॉरियर की फ्रेंचाइजी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने मनीष को ढाई करोड़ रुपये दे दिए। आरोप है कि बाद में अनुबंध किसी अन्य टीम के साथ करा दिया गया और उन्हें फ्रेंचाइजी नहीं मिली।
हेमंत शर्मा ने बताया कि रकम वापस मांगने पर लगातार आश्वासन दिए जाते रहे। उनका आरोप है कि अब मनीष केवल वाट्सऐप के माध्यम से बातचीत करता है। करीब एक वर्ष बाद 17 सितंबर को उन्होंने हरिद्वार पहुंचकर एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। उन्होंने पुलिस और मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कर रकम वापस दिलाने की मांग की।
प्रेस वार्ता में सुमित चौधरी और नीरज चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी मामले की जांच की मांग की।
वहीं, मनीष भट्ट ने आरोपों को मिथ्या और बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि 35 लाख रुपये की देनदारी से बचने के लिए उनके खिलाफ साजिश रची गई है। उन्होंने बताया कि देनदारी का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वह उसमें गवाह हैं। उन्होंने आरोपों पर जल्द कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316