हरिद्वार। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने हरिद्वार में धन्यवाद यात्रा के बहाने सियासी हलचल तेज कर दी। सिंहद्वार से शुरू हुई यात्रा हरिद्वार ग्रामीण, लक्सर होते हुए खानपुर चौक पहुंची। रास्ते भर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए रावत ने संगठन को सक्रिय रखने और जनता से सीधा जुड़ाव बनाए रखने का संदेश दिया।
यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। रावत ने कहा कि धन्यवाद यात्रा केवल आभार जताने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता से सीधे संवाद कर देश और प्रदेश में बदलाव का संदेश देने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों का समर्थन और सहयोग मिल रहा है।
यात्रा के दौरान ईडी की कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर रावत ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब तक वह भाजपा की नीतियों और सरकार का विरोध करते रहेंगे, तब तक इस तरह की जांच और छापेमारी होती रहेगी। रावत ने कहा कि उनका जीवन खुली किताब है और जांच एजेंसियां उनकी या उनके रिश्तेदारों की जांच करना चाहें तो कर सकती हैं।
खानपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर रावत ने कहा कि वह चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी और संगठन को करना है। पार्टी जहां से चुनाव लड़ने का निर्णय करेगी, वह वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
हरिद्वार ग्रामीण, लक्सर और खानपुर तक पहुंची यात्रा ने चुनाव से पहले कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान को सियासी रंग दे दिया है। रावत की सक्रियता के बीच अब इन क्षेत्रों में कांग्रेस की आगे की रणनीति पर भी नजरें टिक गई हैं।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316