हरिद्वार। स्कूल पहुंचने की उम्र में हाथों में दोपहिया की चाबी थमाने वाले अभिभावकों के लिए परिवहन विभाग की कार्रवाई चेतावनी बनकर सामने आई है। जगजीतपुर क्षेत्र में नाबालिग विद्यार्थियों के दोपहिया वाहन चलाने के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में परिवहन विभाग की टीम ने 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज कर दीं। कार्रवाई के दौरान स्कूलों के आसपास खड़े वाहनों को भी जांच के दायरे में लिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा ने बताया कि विद्यालयों और आसपास की गलियों में अभियान चलाया गया। विद्यालय प्रशासन से बातचीत में सामने आया कि नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन से स्कूल न भेजने के लिए अभिभावकों को पहले ही नोटिस देकर सचेत किया जा चुका था। इसके बावजूद कई विद्यार्थी स्कूटी और मोटरसाइकिल लेकर विद्यालय पहुंचे और उन्हें आसपास की गलियों में खड़ा कर दिया।
परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। सीज किए गए वाहनों की जानकारी संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी दी गई। अधिकारियों ने अभिभावकों से बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण शामिल रहे।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316