POOJA SINGH देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर आए नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य की विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में राज्य की आर्थिक प्रगति, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत ढांचे और सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने आर्थिक विकास, सड़क, बिजली, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। साथ ही उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को बड़ी चुनौती बताते हुए नीति आयोग से तकनीकी सहयोग बढ़ाने का आग्रह किया।
नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने कहा कि उत्तराखंड कई क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी आउटकम इंडिकेटर्स, मातृ एवं नवजात मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव और टीबी उपचार जैसे क्षेत्रों में और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य आधारभूत ढांचे को और मजबूत करने पर जोर दिया।














Users Today : 54
Users Yesterday : 127