POOJA SINGH हरिद्वार। किसान सेवा केंद्र (पेट्रोल पंप) के लिए जमीन लीज पर दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नई बस्ती भीमगोड़ा निवासी लक्ष्य कुमार ने आरोप लगाया कि इंडियन ऑयल की किसान सेवा केंद्र योजना के तहत उनका चयन होने के बाद पथरी क्षेत्र के सुभाषगढ़ गांव में पेट्रोल पंप के लिए जमीन तय की गई। आरोप है कि जमीन मालिकों ने पहले अनापत्ति प्रमाणपत्र और बाद में भूमि को अकृषिक एवं ऋणमुक्त कराने के नाम पर आठ लाख से अधिक रुपये ले लिए। इंडियन ऑयल से एलओआई और अन्य विभागों से एनओसी मिलने के बावजूद लीज एग्रीमेंट नहीं किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में अनुबंध की शर्तें बदलते हुए मासिक किराया 20 हजार से बढ़ाकर 98 हजार रुपये और 50 लाख रुपये अग्रिम की मांग की गई। विरोध करने पर जातिसूचक टिप्पणी, झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।














Users Today : 53
Users Yesterday : 127