POOJA SINGH हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में कहा कि हरिद्वार की पावन धरा पर उन्हें अद्वितीय आध्यात्मिक सुख और आनंद की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि मोरारी बापू केवल श्रीराम कथा के वाचक ही नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, विचारों और जीवन-दर्शन के जीवंत संवाहक हैं, जिन्होंने विश्वभर में भारतीय संस्कृति, सनातन दर्शन और अध्यात्म का संदेश पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत की सनातन संस्कृति का “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है और उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसके लिए केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में दो माह के भीतर 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं तथा कैलाश मानसरोवर यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में चिदानंद सरस्वती सहित अनेक संत, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।














Users Today : 53
Users Yesterday : 127