हरिद्वार।अधिकारियों को बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब लोक निर्माण विभाग नहीं जागा तो बहादराबाद में व्यापारियों ने अपनी जेब से सड़क का गड्ढा भरवाना शुरू कर दिया। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस गड्ढे को विभाग के अधिकारी कई बार देख सकते थे, वह उन्हें नजर ही नहीं आया। अधिकारी इसी मार्ग से गुजरते रहे, लेकिन सड़क की बदहाली दूर करने की जहमत नहीं उठाई। आखिरकार थक-हारकर व्यापारियों को ही अपने पैसे खर्च करने पड़े।
बहादराबाद पुलिस चौकी के सामने सड़क पर बना बड़ा गड्ढा लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। व्यापारियों ने इसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कई बार की, लेकिन हर बार समस्या जस की तस रही। व्यापारियों का कहना है कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी खुद भी इसी रास्ते से गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया।
मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि जिलाधिकारी ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों को गड्ढामुक्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी खुद सड़कों की स्थिति को लेकर धरातल पर निरीक्षण कर रहे हैं, लेकिन उनके अधीनस्थ विभागीय अधिकारियों पर आदेशों का असर दिखाई नहीं दे रहा है। बहादराबाद में व्यापारियों का अपने खर्च पर सड़क का गड्ढा भरना सरकारी व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
बहादराबाद करीब 20 गांवों का प्रमुख केंद्र है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग और वाहन आते-जाते हैं। ऐसे व्यस्त क्षेत्र में सड़क का बड़ा गड्ढा हादसे का कारण बन सकता है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग की चुप्पी सवालों के घेरे में है।














Users Today : 211
Users Yesterday : 147